गुड़गांव के नाहरपुर रूपा से मंगलवार को गिरफ्तार एक बांग्लादेशी युवक पुलिस के लिए पहेली बन गया है। पुलिस ने जिस युवक को गिरफ्तार किया है, उसे दो बार पहले भी गिरफ्तार कर वापस बांग्लादेश भेजा जा चुका है।
इसमें चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि उसे तीसरी बार भी पूर्व फौजी के घर से गिरफ्तार किया गया है। मामला सामने आने के बाद पुलिस के आला अधिकारी सकते में आ गए हैं।
खुफिया जानकारी के आधार पर मंगलवार को नाहरपुर रूपा से एक बांग्लादेशी युवक को गिरफ्तार किया गया था। उसकी पहचान सुभान मोहम्मद के रूप में हुई। उसने यहां पर अजीत फौजी नाम के व्यक्ति के घर में किराये पर कमरा ले रखा था।