गुडग़ांव में महाजाम और जलभराव की आपदा निपटने के बाद चंडीगढ़ से राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी खानापूर्ति के लिए यहां पहुंचे। विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव केसनी आनंद अरोड़ा शनिवार को एक्सप्रेसवे और जलभराव वाले स्थानों का दौरा किया। इसके बाद उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों के साथ जिमखाना क्लब में बैठक की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में जलभराव की स्थिति दोबारा पैदा न हो, इसके लिए सभी अधिकारी आपसी तालमेल के साथ मिलकर कार्य करें। इसके लिए सभी अधिकारी अपने क्षेत्र में जिम्मेदारी के साथ काम करें।
बैठक में नगर निगम, हुडा, एनएचएआई, एचएसआईआईडीसी, पुलिस सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों ने भी शिरकत की। सीएम ने अरोड़ा को यहां के हालात का जायजा लेने के लिए यहां पर विशेष तौर पर भेजा।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगे पंपों की क्षमता व संख्या बढ़ाने के निर्देश
- फोटो : अमर उजाला
उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार और शुक्रवार को गुडग़ांव में जलभराव और यातायात जाम की समस्या से आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा है। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में जिम्मेदारी के साथ कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि जलभराव और यातायात जाम की समस्या फिर से पैदा न हो।
उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगे पंपों की क्षमता व संख्या बढ़ाने के निर्देश भी एनएचएआई अधिकारियों को दिए। इसके साथ ही हुडा तथा नगर निगम के अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र की ड्रेनों व नालों सहित सीवरेज की सफाई करवाएं। उन्होंने सड़कों को भी गड्ढामुक्त करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
अतिरिक्त मुख्य सचिव ने कहा कि पुलिस विभाग के अधिकारी भी यह सुनिश्चित करें कि सड़कों पर यातायात जाम की स्थिति पैदा न हो। बैठक के बाद उन्होंने अधिकारियों की टीम के साथ हीरो होंडा चौक सहित अन्य क्षेत्रों का दौरा भी किया और जल निकासी के पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश दिए।
बैठक में शहरी स्थानीय निकाय विभाग के प्रधान सचिव अनिल कुमार, निदेशक शेखर विद्यार्थी, हुडा के मुख्य प्रशासक विकास गुप्ता, गुडग़ांव के मंडलायुक्त डा. डी. सुरेश, पुलिस आयुक्त नवदीप सिंह विर्क, निगमायुक्त एवं उपायुक्त टीएल सत्यप्रकाश, अतिरिक्त निगमायुक्त अमित खत्री, अतिरिक्त उपायुक्त विनय प्रताप सिंह, हुडा प्रशासक यशपाल यादव, एनएचएआई के मुख्य महाप्रबंधक बीएस सिंगला, गुडग़ांव के एसडीएम अशोक गर्ग, पटौदी के एसडीएम रविंद्र यादव, सोहना के एसडीएम सतीश यादव, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त विवेक कालिया, अनु श्योकंद, वाईएस गुप्ता व रोहित यादव सहित हुडा, नगर निगम, एनएचएआई, सिंचाई विभागों के अधिकारी मौजूद थे।