गुड़गांव में एक करोड़ के इनामी दंगल को लेकर खेल विभाग और जिला प्रशासन के आला अधिकारी जुटे हुए हैं। शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में 21 से 23 मार्च तक सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में होने वाली भारत केसरी फ्री स्टाइल कुश्ती प्रतियोगिता के लिए मंगलवार को उपायुक्त टीएल सत्यप्रकाश ने दौरा किया और संबंधित अधिकारियों को ड्यूटी निर्धारित की।
मंगलवार शाम स्पोर्ट्स विभाग के डिप्टी डायरेक्टर आईपीएस लांबा ने जिला खेल अधिकारी और कोच के साथ बैठक ली। सभी प्रतिभागियों का वजन के लिए 20 मार्च को आयोजन स्थल पर रिपोर्ट करना जरूरी है।
उपायुक्त टीएल सत्यप्रकाश ने आयोजन स्थल की तैयारियों को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही खिलाड़ियों के लिए जरूरी इंतजाम करने और मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बताया कि डोपिंग को लेकर खास सावधानी बरती जाएगी। इसके लिए पूरी मेडिकल टीम तैयार रहेगी। टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने पर खिलाड़ी को तुरंत निकालने का प्रावधान है और जीतने पर इनामी राशि भी नहीं दी जाएगी। इसमेें 80 किलोग्राम और इससे ऊपर वजन के 17 साल या इससे अधिक उम्र के पहलवान हिस्सा ले सकेंगे।
बैठक में डीएसपी बलवान सिंह राणा, एडीसी विनय प्रताप सिंह, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त विवेक कालिया, रोहित यादव, अन्नु श्योकंद, वाईएस गुप्ता, आरटीओ सुशील सारवान, खेल विभाग के उपनिदेशक सुखबीर सिंह व इंद्रपाल सिंह लांबा, जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी रोशनी देवी, खेल प्रशिक्षक विजय गुप्ता सहित अन्य मौजूद रहे।
इनामी राशि पर एक नजर
- पहला : एक करोड़
- दूसरा : 50 लाख
- तीसरा : 25 लाख
- चौथा : 10 लाख
- पांचवां : 05 लाख
- छठां : 03 लाख
- सातवां : 02 लाख
- आठवां : 01 लाख