शहर के चार प्रमुख स्थानों पर बुधवार को बम की सूचना के बाद तकरीबन चार घंटे तक अफरातफरी का माहौल रहा। गुड़गांव पुलिस ने क्विक रिस्पांस दिखाते हुए गलेरिया मार्केट, सदर बाजार, व्यापार केंद्र समेत हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन को खाली करा दिया।
सुरक्षा के मद्देनजर मेट्रो सेवाएं रोक दी गईं। बम स्क्वायड टीम ने मेट्रो पार्किंग में तीन संदिग्ध गाड़ियों की जांच की। गुड़गांव पुलिस का सर्च अभियान देर शाम तक जारी रहा। पुलिस कमिश्नर ने देर शाम बयान जारी कर बम की घटना को कोरा अफवाह बताया।
पाकिस्तान के पेशावर में हुए तालिबानी हमले के एक दिन बाद बुधवार को पुलिस कंट्रोल रूम में गुड़गांव में चार स्थानों पर बम की सूचना मिली। दोपहर 2.10 बजे सूचना मिलते ही गुड़गांव पुलिस ने व्यापार केंद्र, गलेरिया मार्केट, सदर बाजार, सेक्टर-29 हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन को खाली करा दिया।
भारी संख्या में सुरक्षाबलों ने यहां गहनता से जांच की। हालांकि शुरू में मॉक ड्रिल की बात आई लेकिन पुलिस ने जल्द ही इसे साफ कर दिया कि यह रीयल ऑपरेशन है। हुडा सिटी सेंटर मेट्रो की पार्किंग में तीन संदिग्ध गाड़ियों के मिलने के बाद भारी संख्या में पुलिस बल को यहां तैनात कर दिया गया।
बम की सूचना पर खाली कराईं मेट्रो ट्रेनें
पेशावर की घटना के बाद बुधवार को हरियाणा पुलिस द्वारा बम की सूचना मिलते ही गुड़गांव के हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन और ट्रेनों को तत्काल खाली करा लिया गया। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेरशन ने शाम चार बजे मेट्रो सेवा रोक दी। इसका असर असर दिल्ली समेत एनसीआर की मेट्रो सेवाओं पर भी पड़ा।
स्टेशन और ट्रेनों की जांच पड़ताल के बाद शाम छह बजे के आसपास स्टेशन के दरवाजे खोल दिए गए और मेट्रो सेवा सुचारु हो गई। इधर दिल्ली के पुलिस आयुक्त भीमसेन बस्सी का कहना है कि दिल्ली पूरी तरह सुरक्षित है। भयभीत होने की जरूरत नहीं है। दिल्ली मेंसुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
बम स्क्वायड टीम ने मेट्रो पार्किंग में तीन संदिग्ध गाड़ियों की जांच की। गुड़गांव के पुलिस कमिश्नर ने देर शाम बयान जारी कर बम की घटना को कोरा अफवाह बताया। हालांकि शुरू में मॉक ड्रिल की बात आई लेकिन पुलिस ने जल्द ही इसे साफ कर दिया कि यह रीयल ऑपरेशन है।
पुलिस कंट्रोल रूम में आई थी ओडिशा से कॉल
पुलिस कंट्रोल रूम में दोपहर को आई कॉल ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि जिस नंबर से धमकी भरा कॉल आया था वह ओडिशा से किया गया था।
इस जानकारी के बाद पुलिस उस नंबर के मालिक की तलाश कर रही है। फोन पर एक अनजानी आवाज ने हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन समेत व्यापार केंद्र और गलेरिया मार्केट में बम रखने की धमकी दी।
इसी कॉल के आधार पर पुलिस अलर्ट हो गई। शाम तक चले सर्च अभियान के बाद पुलिस ने इसे अफवाह करार दे दिया। हालांकि शुरुआत में दिल्ली पुलिस से सूचना मिलने की बात सामने आई थी।