गुजरात मॉडल से दिल्ली की पेयजल समस्या दूर करने की कवायद शुरू हो गई है। बृहस्पतिवार को उपराज्यपाल की मौजूदगी में गुजरात सरकार के सलाहकार बाबू भाई नवालावाला ने दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में तय हुआ कि राजधानी में पेयजल की किल्लत दूर करने के लिए दीर्घावधि योजना तैयार करना जरूरी है। दिल्ली के लिए तैयार की जाने वाली योजना में पेयजल समेत सीवेज की सफाई, भूजल और यमुना के जलस्तर में सुधार जैसे मुद्दों को शामिल किया जाएगा।
राजनिवास में हुई बैठक में दिल्ली सरकार के मुख्य सचिव, पर्यावरण सचिव, जल बोर्ड के सीईओ समेत जल प्रबंधन से जुड़े सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। इसमें राजधानी में पेयजल की आपूर्ति, वितरण और उपलब्धता की संभावनाओं पर चर्चा हुई। जिसके बाद पांच सदस्यीय सलाहकार समिति के गठन का फैसला किया गया।
बाबू भाई नवालावाला की अध्यक्षता में बनाई गई सलाहकार समिति जल प्रबंधन के मुद्दे पर दिल्ली सरकार का मार्गदर्शन करेगी। इसके अलावा पेयजल से जुड़ी कार्ययोजना तैयार करेगी। मौके पर योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए एक टास्क फोर्स बनाने का फैसला लिया गया। साथ ही यह कहा गया कि समिति की बैठक हर माह होगी।