सरप्लस बताकर हटाए गए 93 अतिथि अध्यापकों को शिक्षा विभाग ने नियुक्ति दे दी है। मंगलवार से सभी अतिथि अध्यापकों ने दोबारा अपना कार्यभार संभाल लिया। पुराने अध्यापकों को कक्षा में वापस देख विद्यार्थियों ने खुशी जाहीर की। उनका कहना है कि अब उनके कोर्स पूरे होंगे।
उधर विभिन्न स्कूलों के प्रिसिंपल व अतिथि अध्यापक संघ ने भी न्यायालय के इस न्याय की सराहना करते हुए कहा कि अतिथि अध्यापकों को समय रहते वापस नियुक्ति दे दी गई है।
उन्होंने कहा कि बोर्ड की परीक्षाएं शुरू होने में अभी तीन महीने का समय है, जल्द से जल्द कोर्स पूरा करवाकर परीक्षा परिणाम अच्छा देने की पूरी कोशिश रहेगी।
अतिथि अध्यापक संघ के प्रेस सचिव भागीरथ शास्त्री ने कहा कि अतिथि अध्यापकों के लौटने से शिक्षकों की कमी दूर हुई है। लंबे संघर्ष के बाद अतिथि शिक्षकों की मेहनत रंग लाई है। सरकार को इनके रोजगार को स्थायी करना चाहिए।
हमारे दस्तावेज सही थे, इसी वजह से न्यायालय ने हमारे हित में फैसला दिया है। हमारे न रहने से बच्चों की पढ़ाई का काफी नुकसान हुआ है। पहले दिन सभी बच्चों ने अपना अधूरा सिलेबस दिखाया, लेकिन विद्यार्थीयों को चिंता करने की जरूरत नहीं है। स्कूल समय के बाद अतिरिक्त कक्षाएं देकर अतिथि अध्यापक सिलेबस पूरा करवाएंगे। -केशव कौर, अतिथि अध्यापक, सरकारी स्कूल छायसा
लंबे संघर्ष के बाद वापस नौकरी मिली है। बहुत खुशी हो रही है। विभाग को हमारी नौकरी स्थायी करनी चाहिए। ताकि दोबारा इस तरह की दिक्कत न आए। शिक्षक और छात्र एक ही सिक्के के दो पहलू है। दोनों मिलकर ही शिक्षा के गिरते स्तर को उठा सकते हैं। -स्वराज, अतिथि अध्यापक, सरकारी स्कूल जवा
जब से हमारे गणित और सामाजिक विज्ञान के अतिथि अध्यापक हटे थे, उसके बाद इन विषय की पढ़ाई ठीक से नहीं हुई। कभी हिंदी की अध्यापक गणित पढ़ाने आती, तो कभी घंटो कक्षा में बैठ कर अध्यापक का इंतजार करते। उम्मीद है कि अब कोर्स पूरा हो जाएगा। -संजू, छात्र
स्कूल से छह अतिथि अध्यापक हटाएं गए थे, जिनमें से पांच शिक्षकों को वापस नियुक्ति मिल गई है। इनके हटने से अन्य अध्यापकों का वर्क लोड बढ़ गया था, जिस कारण वह भी ठीक से बच्चों को शिक्षा नहीं दे पा रहे थे। लेकिन इनके वापस लौटने से वर्क लोड खत्म होगा और कोर्स भी पूरे होंगे। -मनोज मिश्रा, प्रिसिंपल, जीएमएसएसएस