-अराजकता से परेशान दुकानदार ने प्रशासन से लगाई गुहार
-महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल, पुलिस गश्त बढ़ाने की जरूरत
संवाद न्यूज एजेंसी
पूर्वी दिल्ली। कभी गुलजार रहने वाली जीटीबी एंक्लेव मार्केट आज कई अनियमितताओं से जूझ रही है। बुधवार को पूर्वी दिल्ली में आयोजित अमर उजाला मार्केट संवाद में जीटीबी एंक्लेव के दुकानदारों ने बताया कि मार्केट परिसर में आए दिन चोरी की घटनाएं होती रहती हैं। इसके साथ-साथ असामाजिक तत्वों ने मार्केट परिसर को ही नशेबाजी का अड्डा बना दिया।
पूर्वी दिल्ली के जीटीबी एंक्लेव के दुकानदार रोजमर्रा की जिंदगी में कई मुश्किलों से जूझ रहे हैं। शांत और सुंदर मार्केट अब अपराध, गंदगी अव्यवस्था और अन्य समस्याओं की वजह से परेशानियों का केंद्र बन गया है। जीटीबी एंक्लेव के दुकानदारों में प्रमोद सिंह, अंशु, योगेंद्र कुमार, राशिद सलमान, नीरज गुप्ता आदि मौजूद रहे, जिसमें उन्होंने कहा कि यह सभी मुद्दे जीटीबी एंक्लेव मार्केट के दुकानदारों की सामूहिक आवाज हैं और वह सिर्फ शिकायत नहीं कर रहे, लेकिन इन समस्या पर समाधान भी चाहते हैं ताकि जीवन सुखमय बने। मार्केट एसोसिएशन का यह कहना है कि दिल्ली जैसे महानगर में बुनियादी सुविधाएं और सुरक्षा हर दुकानदार का हक है।
कोट्स
बगल में पुलिस स्टेशन होने के बावजूद मार्केट में खुलेआम शराब परोसी जा रही है। शराब की दुकानों के पास लोग खुलेआम शराब पीते नजर आ जाते हैं। अगर इन नशेड़ियों को रोकने का प्रयास करो तो मारपीट पर आमादा हो जाते हैं। पुलिस पेट्रोलिंग के नाम पर खानापूर्ति की जाती है। पुलिस से मांग है कि वह दिन-रात पेट्रोलिंग बढ़ाए और मार्केट में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करे
- राज कुमार अग्रवाल अध्यक्ष, जीटीबी एंक्लेव मार्केट एसोसिएशन
पूरे मार्केट परिसर में शाम के समय शराबियों का जमावड़ा लग जाता है। शराबी पूरे परिसर में शराब व बीयर की बोतलें इधर-उधर फेंक देते हैं। इससे बोतल फूट जाती है। कई बार कांच लग जाने से दुकानदार चोटिल हो जाते हैं।
-संजय कुमार- दुकानदार
महिलाओं की सुरक्षा की दृष्टि से अब मार्केट सुरक्षित नहीं है। अराजक लोगों आने-जाने वाली महिलाओं पर फब्तियां कसते हैं, रोका-टोकी करने पर कई बार झगड़ा भी हो जाता है।इसे रोकने के लिए प्रशासन को ठोस कदम उठाने चाहिए।
-छवि गुप्ता दुकानदार
शौचालय गंदा होने के कारण दुकानदारों को दूर जाना पड़ता है। गंदगी के चलते दुकानदारों व ग्राहकों दोनों को परेशानी न हो इसलिए प्रशासन से मांग है कि मार्केट परिसर में टॉयलेट साफ कराए जाएं।-रविंद्र सूद-दुकानदार
बाहर से आने वाले अराजक लोग पूरे परिसर को पार्किंग में तब्दील कर देते हैं मना करने पर मारपीट करते हैं। कई बार खूनी संघर्ष होने बावजूद पुलिस की गश्त नहीं बढ़ाई जा रही है। अगर कोई बड़ी घटना हो जाए तो उसका जिम्मेदार कौन होगा।
-प्रमोद सिंह-दुकानदार
काफी समय से अधिकारियों से प्याऊ की मांग कर रहे हैं। प्याऊ लग जाए तो मार्केट में आने वाले ग्राहकों व राहगीरों को बोतल बंद पानी न खरीदना पड़े।
-संजय कुमार दुकानदार