-डीएमसी के पुनर्गठन की प्रक्रिया तेज, अब चुने जाएंगे नए पदाधिकारी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली मेडिकल काउंसिल (डीएमसी) के पुनर्गठन की कवायद तेज हो गई है। सरकार ने भी चार सदस्यों के चयन को लेकर नाम की घोषणा कर दी है। सरकार ने काउंसिल सदस्य के लिए डॉ. अजय कुमार, डॉ. हंसराज बवेजा, डॉ. एस. के. टंडन और डॉ. विनोद कुमार मोंगा को नियुक्त किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया पर जानकारी साझा की गई। इसके अनुसार काउंसिल चिकित्सा सेवाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और चिकित्सकीय नैतिकता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। यह नियुक्तियां काउंसिल के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाते हुए दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान देंगी। बता दें कि इससे पहले मई महीने के आखिर में डीएमसी गवर्निंग बॉडी के आठ सदस्यों का चयन चुनाव के जरिये हुआ था। पिछले वर्ष जून महीने में डीएमसी को कथित अनियमितताओं और कुप्रबंधन के चलते भंग कर दिया गया था। जिसके बाद नए सिरे चुनाव की घोषणा का ऐलान किया गया था। डीएमसी में 25 सदस्य होते हैं। इसमें गवर्निंग बॉडी से आठ सदस्य, चार सदस्य सरकार द्वारा नामित, 12 सदस्य मेडिकल कॉलेज प्रतिनिधि और एक सदस्य दिल्ली मेडिकल एसोसिएशन का प्रतिनिधित्व करने वाला होता है। अब इन्हीं चयनित सदस्यों में से डीएमसी पदाधिकारियों के लिए चुना जाएगा।