अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में हासिल किया तीसरा स्थान
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। पर्यावरण की समस्या को अवसर में बदलने की सोच के साथ कक्षा 11वीं व 12वीं के विद्यार्थियों ने ग्रीन गोल्ड फ्रॉम कीकर प्रोजेक्ट तैयार किया, जिसे सतत शिक्षा पर आयोजित आठवें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में 250 प्रविष्टियों के बीच तीसरा स्थान मिला। विद्यार्थियों को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया।
प्रोजेक्ट में विद्यार्थियों ने कीकर जैसी आक्रामक वनस्पति के जैविक अवशेषों का उत्पादक उपयोग कर उसे बेकार न समझकर उपयोगी संसाधन में बदलने की संभावना दिखाई। उनका प्रोजेक्ट कचरे से संपदा, संसाधन संरक्षण, पर्यावरणीय स्थिरता और चक्रीय अर्थव्यवस्था की अवधारणा पर आधारित था।
सम्मेलन में विद्यार्थियों को शिक्षकों, पर्यावरणविदों व सतत विकास विशेषज्ञों से संवाद का अवसर मिला। प्रधानाचार्य नीता दुआ व प्रबंध निदेशक रोहित दुआ पटेल ने खुशी जताते हुए कहा कि यह नवाचार विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच, पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी व व्यावहारिक समाधान खोजने की क्षमता को दर्शाता है।