बारावफात के मौके पर जिले कई स्थानों पर जुलूस निकाले गए। जुलूस के कारण सेक्टर-8 के आसपास के क्षेत्र में पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। सेक्टर-8, सेक्टर-9 मार्ग से बांस बल्ली मार्केट होकर जुलूस जामा मस्जिद पर आकर खत्म हुआ। इस दौरान सीओ श्वेताभ पांडेय, यातायात निरीक्षक रविंद्र वशिष्ठ, अनिल पांडेय के अलावा स्थानीय थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ जुलूस के साथ मौजूद रहे।
सोशल मीडिया और नेताओं की निगरानी जारी
पुलिस अधिकारियों की मानें को जिले भर में शांति व्यवस्था कायम रहने के बावजूद अभी सोशल मीडिया और नेताओं की निगरानी जारी है। पुलिस और खुफिया विभाग को आशंका है कि असामाजिक तत्व माहौल खराब करने की साजिश रच सकते हैं। इससे अभी भी निगरानी और सुरक्षा में कोई ढील नहीं दी गई है।
चौखट पर दीपक, चौराहों पर सुरक्षा, एफबी पर सौहार्द
ग्रेटर नोएडा। अयोध्या केस की सुनवाई के बाद सुप्रीम कोर्ट के मंदिर बनाने और मस्जिद के लिए दूसरी जगह जमीन देने के आदेश से अधिकांश लोग खुश नजर आए। एक पक्ष के लोगों ने शनिवार रात जहां घर के दरवाजे और चौखट पर दीपक जलाकर खुशी व्यक्त की और घर में भगवान श्रीराम की पूजा अर्चना भी की।
वहीं, क्षेत्र में कई लोगों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। ग्रेटर नोएडा में असहाय बच्चों को भी मिठाई वितरित की गई। सूरजपुर कस्बे में हिंदू-मुस्लिम दोनों समुदाय के लोगों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाई और फोटो फेसबुक पर भी शेयर किए। वहीं, पुलिस ने भी कड़ी सुरक्षा और फ्लैग मार्च आदि के फोटो शेयर किए।