ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित इंपीरिया हाउसिंग सोसाइटी में रहने वाले नाइजीरियाई मूल के व्यक्ति ने सोमवार सुबह पत्नी के साथ झगड़े के दौरान तीन माह की बच्ची को फर्श पर पटककर मार डाला। इसके बाद बच्ची को दूसरी मंजिल की खिड़की से नीचे फेंक दिया। ईकोटेक-3 थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना से सोसायटी के लोग सकते में हैं।
नोएडा सेंट्रल जोन के डीसीपी हरिश चंदर ने बताया कि ग्रेनो वेस्ट के इंपीरिया सोसाइटी के फ्लैट नंबर ए-204 में नाइजीरियाई मूल के ओजियोमा डेक्लान पत्नी जूली और तीन माह की बच्ची के साथ रहते हैं। सुबह जूली ने ईकोटेक-3 थाना पुलिस को सूचना दी कि उसके पति ने उसके साथ मारपीट की है और हंगामा कर रहा है। कोतवाली प्रभारी अनिता चौहान मौके पर पहुंची तो जूली ने उन्हें बताया कि ओजियोमा डेक्लान ने पहले तीन माह की बच्ची एडोगो को फर्श पर पटक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद उसने बच्ची को दूसरी मंजिल स्थित फ्लैट की विंडो के बाहर नीचे फेंक दिया।
कारोबार ठप होने से तनाव में था आरोपी
पूछताछ में जूली ने बताया कि डेक्लान हेयर कटिंग सैलून से कटे हुए बाल खरीदकर विग बनाने वाली कंपनी को सप्लाई करने का कारोबार करता है। लॉकडाउन के दौरान कारोबार पूरी तरह से बंद थ। इससे वह तनाव में था। पुलिस के अनुसार दोनों में तीन दिन पहले भी झगड़ा हुआ था। सुबह किसी बात पर दोनों में बहस हुई तो डेक्लान ने जूली से मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान बच्ची रोने लगी। डेक्लान ने रोती हुई बच्ची को जूली की गोद से छीनकर फर्श पर पटक दिया।
दूतावास को दी गई घटना की सूचना
डीसीपी हरीश चंदर ने बताया कि पूरे मामले की सूचना नाइजीरियाई दूतावास दे दी गई है। अफ्रीकी मूल के निवासियों की ग्रेटर नोएडा में संचालित संस्था के प्रतिनिधि चार्ल्स को बुलाकर पूरे मामले से अवगत करवा दिया है।