चेन छिनैती (सीसीटीवी में कैद वारदात)
- फोटो : अमर उजाला
ग्रेटर नोएडा के रामपुर मार्केट में आभूषण का शोरूम चलाने वाले कारोबारी से दिनदहाड़े बीटा-2 थाना क्षेत्र में पिस्टल के बल पर बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चेन लूट ली। कारोबारी ने बदमाशों का पीछा किया तो आरोपी बदमाश पीड़ित पर पिस्टल तानकर गोली मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। इस दौरान आरोपी सीसीटीवी में भी कैद हुए हैं। पीड़ित ने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
मूलरूप से बुलंदशहर निवासी मनोज वर्मा ने बताया कि वह ओमीक्रान-2 सेक्टर में परिवार के साथ रहते हैं। उनका रामपुर मार्केट में आभूषण का शोरूम है। शुक्रवार को उनका छोटा भाई शोरूम पर गया था और मनोज वर्मा अपनी कार की रिपेयरिंग के लिए बीटा-2 थाना क्षेत्र के ऐच्छर मार्केट में गए थे।
मैकेनिक कार रिपेयरिंग में जुटा था। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश मौके पर आए और उन्होंने पिस्टल के बल पर उनसे लगभग ढाई लाख रुपये कीमत की सोने की चेन लूट ली। कारोबारी ने साहस दिखाते हुए बदमाशों का पीछा किया। लेकिन बदमाश ने पिस्टल तानकर गोली मारने की धमकी दी। इसके चलते मनोज वर्मा रुक गए और बदमाश फरार हो गए।
रेकी कर रहे बदमाश, दोबारा हो सकती है वारदात
मनोज वर्मा ने बताया कि उनका सोने और हीरे का कारोबार है। उन्हें आशंका है कि कोई गिरोह उनकी रेकी कर रहा है। अन्यथा घर से निकलकर मैकेनिक के पास पहुंचते ही बदमाश वारदात नहीं करते। उन्होंने आशंका जताई है कि उनसे आगे भी गिरोह इस तरह की वारदात का सकता है। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की भी मांग की है।
इस मामले में केस दर्ज कर जल्द जल्द से पुलिस टीमों को बदमाशों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी कर खुलासे के निर्देश दिए गए हैं।- राजेश कुमार सिंह, डीसीपी ग्रेटर नोएडा