ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में पिछले 10 दिनों में चौथे छात्र ने खुदकुशी कर ली। अल्फा-2 सेक्टर में बीसीए के छात्र राजमणि (22) का शव शुक्रवार रात कमरे में फंदे पर लटका मिला। छात्र यूपीएससी की तैयारी कर रही बड़ी बहन के साथ रहकर पढ़ाई करता था। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ड्रग्स तस्करी में जेल भेजे गए एक और छात्र को जमानत
ड्रग्स तस्करी में जेल भेजे गए एमिटी के छात्र दर्शन को जिला न्यायालय ने जमानत दे दी। वहीं, तीन अन्य छात्रों सागर बजाज, आदित्य और अपूर्व सक्सेना की अंतरिम जमानत की अवधि बढ़ा दी गई है। सोमवार को सेक्टर-126 थाना पुलिस ने चार छात्रों समेत नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर मादक पदार्थों की तस्करी के अंतरराष्ट्रीय गिरोह का खुलासा किया था।
वकील वीरेंद्र नागर ने बताया कि 26 नवंबर को सेक्टर-126 थाना पुलिस ने नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस का कहना था कि पकड़े गए आरोपियों में चार छात्र पढ़ाई की आड़ में शिक्षण संस्थानों में मादक पदार्थों की तस्करी करते हैं। जेल भेजे गए छात्र दर्शन की जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान वकील ने कोर्ट को बताया कि छात्र विधि की पढ़ाई कर रहा है। तीन छात्रों को अंतरिम जमानत मिल चुकी है। जबकि दर्शन 27 नवंबर से जेल में बंद हैै। न्यायालय ने छात्र की जमानत याचिका मंजूर कर ली।
न्यायालय ने शर्त रखी है कि आरोपी छात्र स्थायी व वर्तमान पते, मोबाइल नंबर आदि में परिवर्तन करता है तो इसकी सूचना न्यायालय को देगा। वकील ने बताया कि इसके अलावा सागर बजाज, आदित्य व अपूर्व सक्सेना की अंतरिम जमानत की अवधि तीन दिसंबर तक बढ़ाई गई है। चार दिसंबर को छात्र फिर से न्यायालय में पेश होंगे और उनकी जमानत पर फैसला होगा। न्यायालय ने पुलिस से भी इस केस के संबंध में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।