नॉलेज पार्क स्थित शारदा मेडिकल कॉलेज के अंतर्गत अस्पताल में 200 बेड का क्वारंटीन वार्ड तैयार किया जा रहा है। बुधवार को एक वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए उत्तर प्रदेश के वित्त एवं चिकित्सा शिक्षा स्वास्थ्य मंत्री सुरेश खन्ना, चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. रजनीश दुबे और अस्पताल के पदाधिकारियों ने क्वारंटीन वार्ड बनाने का निर्णय लिया है।
शारदा विवि के संयुक्त उपकुलपति और प्रवक्ता डॉ. अजीत कुमार ने बताया कि सेवा में कार्यरत मेडिकल टीम के लिए एक अलग क्वारंटीन वार्ड बनाया जाएगा। दावा है कि जल्द ही विवि के अस्पताल में कोरोना आदि की जांच भी उपलब्ध होगी। वर्तमान में विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ मेडिकल साइंसेज के प्रधानाचार्य, डॉक्टर्स, नर्सेज, पैरामेडिकल स्टाफ, सहायक स्टाफ तथा विश्वविद्यालय के अन्य अधिकारी और कर्मचारी इस महामारी की रोकथाम और उपचार के लिए दिन-रात जुटे हैं।
शारदा विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ मेडिकल साइंस के अंतर्गत 920 बेड का आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित अस्पताल बना हुआ है। मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आशुतोष निरंजन की निगरानी में विभागाध्यक्ष को रोस्टर तैयार करने के लिए कहा गया है। वहीं, डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ आदि को तैयार रहने के लिए कहा गया है। विवि के चांसलर पीके गुप्ता ने अस्पताल के डॉक्टर्स और स्टॉफ को व्यक्तिगत हित त्यागकर देश के सेवा में कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया है।