गांव जलपुरा में बोर्ड परीक्षा से कुछ दिन पहले 10वीं के छात्र ने घर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परीक्षा की वजह से वह कुछ तनाव में था। उसके पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
पुलिस ने बताया कि जलपुरा में सैनी अस्पताल के पास रहने वाले राजेश बृजवासी प्रिंटिंग प्रेस में नौकरी करते हैं। उनका इकलौता बेटा अनमोल (14) 10वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। बताया जा रहा है कि परीक्षा की वजह से वह मानसिक तनाव में था। इससे वह असहज अनुभव कर रहा था। यह बात अनमोल ने अपने दोस्तों को भी बताई थी।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार दोपहर घर लोग अन्य कामों में लगे थे। इस बीच करीब 1:30 बजे अनमोल कमरे में पहुंचा और फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। कुछ देर बाद जानकारी होने पर उसे फंदे से उतार कर अस्पताल ले गए, यहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र शुक्ला का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। उत्तर प्रदेश बोर्ड की 10वीं और 12वी की परीक्षाएं 22 फरवरी से शुरू होने वाली हैं।