फेस्टिवल सीजन (क्रिसमस और न्यू ईयर) के कारण एक बार फिर से ऑनलाइन कारोबार चमक गया है। ऑनलाइन शॉपिंग पोर्टल पर क्रिसमस और न्यू ईयर का सेलिब्रेशन शुरू हो गया है। 10 प्रतिशत से लेकर 55 प्रतिशत का डिस्काउंट दिया जा रहा है।
ऑनलाइन कारोबार से जुड़े लोगों की मानें तो दिवाली पर शॉपिंग का रिकॉर्ड यह सीजन नहीं तोड़ पाएगा। इस दौरान खरीददारी की ग्रोथ 75 प्रतिशत रहने की संभावना है, जबकि दिवाली में यह ग्रोथ 400 फीसदी थी।
देश भर के युवा ऑनलाइन शॉपिंग के क्रेजी होते जा रहे हैं। ऐसे में साइबर सिटी के युवा भी कहां पीछे रहने वाले हैं। वह ऑनलाइन शॉपिंग को काफी वरीयता देने लगे हैं।
यही कारण है कि ऑनलाइन पोर्टल की नजर गुड़गांव के युवाओं पर टिक गई है। उन्हें लुभाने के लिए कई प्रकार के ऑफर दिए जा रहे हैं।
आईएम वायर डॉट कॉम के अंकुर का कहना है कि क्रिसमस और न्यू ईयर पर कई प्रकार के ऑफर दिए जा रहे हैं। यह ऑफर इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिक, गारमेंट, शूज सहित अन्य प्रकार के आइटमों पर दिए जा रहे हैं।
फेस्टिवल सीजन के मद्देनजर ऑनलाइन शॉपिंग शुरू हो गई है। जबोंग, अमेजॉन, मंत्रा, फ्लिपकार्ट, ई-बे, होम शॉप 18, स्नैपडील और शॉप क्लूज जैसे सभी ऑनलाइन पोर्टल पर कई प्रकार के ऑफर दिए जा रहे हैं।
शूज पर 55 प्रतिशत का डिस्काउंट दिया जा रहा है। वहीं मोबाइल पर 1,500 से 4,000 रुपये की छूट दी जा रही है। इस सीजन में डिजिटल कैमरों की बिक्री भरपूर हो रही है।
स्वाती भार्गव (ओनर कैश करो डॉट कॉम)
10 से 12 दिसंबर तक गूगल इंडिया शॉपिंग फेस्टिवल चला। इसका रिस्पांस काफी अच्छा रहा। इसमें गुड़गांव के लोगों ने 40 प्रतिशत मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स आइटमों की शॉपिंग की है।
35 प्रतिशत ने फैशन आइटमों और 15 प्रतिशत ने ट्रैवल और बाकी ने अन्य आइटमों की ऑनलाइन शॉपिंग की। यही कारण है कि क्रिसमस और न्यू ईयर पर इतना उत्साह नहीं दिखेगा। दिवाली पर तो ऑनलाइन शॉपिंग की ग्रोथ 400 प्रतिशत थी। इसे तोड़ना चालू फेस्टिव सीजन में संभव नहीं है।