सीलमपुर में चाकू-कैंची से वार, हत्या के प्रयास में दो आरोपी गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
पूर्वी दिल्ली। सीलमपुर में स्कूटी हटाने को लेकर हुए विवाद में दादा-पोता और एक दुकानदार पर चाकू एवं कैंची से हमला किया गया। तीनों गंभीर रूप से घायल हुए। पुलिस ने उन्हें जग प्रवेश चंद्र अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों की पहचान भव्य गर्ग (19), चिमन लाल (73) और दुकानदार चिराग गोयल के रूप में हुई। पीड़ितों के बयान पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर पुलिस ने दो आरोपियों मुज्जमिल (19) और फरमान (19) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, भव्य गर्ग सूरजमल विहार में रहते हैं और सीलमपुर में उनके दादा की दुकान है। 27 नवंबर रात 9:20 बजे वे दुकान पहुँचे तो गली के गेट पर खड़ी स्कूटी के कारण रिक्शा बाहर नहीं जा पा रहा था। भव्य ने स्कूटी हटाने के लिए कहा, तो दो लड़कों ने इनकार कर दिया और विवाद बढ़ गया। इसी दौरान एक लड़के ने भव्य की जेब से 8 हजार रुपये और सोने की चेन छीन ली।
झगड़े में एक आरोपी ने चाकू से भव्य के सिर, गर्दन और कमर पर वार किए, जबकि दूसरा आरोपी पास की फल रेहड़ी से कैंची लाकर उस पर हमला करता रहा। शोर सुनकर बचाने आए दादा चिमन लाल पर भी चाकू से वार किया गया। पड़ोसी दुकानदार चिराग गोयल को भी कैंची से चोट पहुंचाई गई। इसके बाद आरोपी जी-ब्लॉक सीलमपुर की ओर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।