दिल्ली के ग्रेटर कैलाश-1 के लॉ फर्म में कैश की बरामदगी को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। टीवी रिपोर्ट्स के अनुसार इस मामले में एक पूर्व मंत्री, नेता और बिल्डर का नाम भी सामने आ रहा है। गौरलतब है कि वकील रोहित टंडन से आयकर विभाग लगातार पूछताछ कर रहा है जिसमें ये बातें निकल सामने आई हैं। बता दें कि इससे पहले, रात भर इनकम टैक्स की टीम ने रोहित टंडन से उसी कमरे में पूछताछ की है जहां से 13 करोड़ रुपए से अधिक नकदी बरामद की गई थी। टंडन से पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं जिसके आधार पर जल्द ही बड़ी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
विज्ञापन
2 of 6
ग्रेटर कैलाश से बरामद हुआ नोटों का जखीरा
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली के पॉश इलाके ग्रेटर कैलाश में टीएंडटी लॉ फर्म पर शनिवार रात हुई छापेमारी के दौरान कुल 13.50 करोड़ रुपये के नए व पुराने नोट बरामद हुए हैं। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा और आयकर विभाग की संयुक्त टीमें रात भर कंपनी से जुड़े कार्यालयों व अन्य ठिकानों पर छापेमारी करती रही। पुलिस व आयकर विभाग की टीमों ने इन दफ्तरों से रुपयों के अलावा अहम दस्तावेज भी बरामद किए हैं। माना जा रहा है कि जल्द ही पुलिस व आयकर विभाग की टीम कंपनी से जुड़े कारोबारियों व कंसलटेंट्स पर छापेमारी कर सकती है। वहीं कंपनी का मालिक रोहित टंडन फरार बताया जा रहा है। उसके गिरफ्त में आने के बाद ही रुपयों की असली कहानी का खुलासा हो पाएगा। बता दें कि टीएंडटी लॉ फर्म के मालिक रोहित टंडन ने पिछले दिनों 125 करोड़ की संपत्ति आयकर विभाग के सामने अघोषित रूप से दिखाई थी। इसी के बाद फर्म की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।
विज्ञापन
3 of 6
ग्रेटर कैलाश से बरामद हुआ नोटों का जखीरा
- फोटो : अमर उजाला
अपराध शाखा के संयुक्त आयुक्त रविंद्र यादव ने बताया कि उनकी टीम को सूचना मिली थी कि आर-89 ग्रेटर कैलाश पार्ट-1 स्थित फर्म के दफ्तर पर बड़े पैमाने पर नए व पुराने नोटों की लेन-देन का काम किया जा रहा है। फौरन एसीपी संजय सहरावत और इंस्पेक्टर नरेंद्र चहर व अन्य को रेड के लिए भेजा गया। आयकर विभाग को भी इसकी सूचना दी गई। ग्रेटर कैलाश स्थित फर्म के दफ्तर से भारी मात्रा में नए व पुराने नोट बरामद किए गए। इनमें दो-दो हजार के 2.62 करोड़ रुपये के नए नोट, एक हजार के 7.70 करोड़ के पुराने नोट, 3.06 करोड़ 100-100 के नोट और 11 लाख के 50 रुपये के नोट बरामद हुए।
4 of 6
ग्रेटर कैलाश से बरामद हुआ नोटों का जखीरा
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस व आयकर विभाग की टीमों ने फर्म के मालिक रोहित टंडन के छतरपुर स्थित घर पर भी छापेमारी की। वहीं रात भर द्वारका, आश्रम और फिरोजशाह रोड स्थित ठिकानों पर छापेमारी की कार्रवाई चलती रही। सूत्रों की मानें तो पुलिस ने इन जगहों से महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। फर्म इतने बड़े पैमाने पर रुपयों की लेन-देन का काम किस आधार पर कर रही थी। पुलिस उसका पता लगाने का प्रयास कर रही है। अपराध शाखा ने आगे की जांच आयकर विभाग को सौंप दी है।
विज्ञापन
5 of 6
ग्रेटर कैलाश से बरामद हुआ नोटों का जखीरा
- फोटो : अमर उजाला
नोटों को गिनने के लिए रखी थीं दो मशीनें
ग्रेटर कैलाश स्थित टीएंडटी फर्म के दफ्तर से पुलिस को जहां नोटों का जखीरा बरामद हुआ है। वहीं इन नोटों को गिनने के लिए रखी गई दो मशीनें भी बरामद हुई हैं। ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल पर नोटों को अलमारियों व बैगों में रखा गया था। पुलिस ने दोनों मशीनों को अपने कब्जे में लिया है।
ग्रेटर कैलाश से बरामद हुआ नोटों का जखीरा
- फोटो : अमर उजाला
सीसीटीवी से नोटों पर रखी जाती थी नजर
ग्रेटर कैलाश स्थित कंपनी के दफ्तर से पुलिस को पूरी इमारत में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए मिले हैं। बताया जा रहा है कि फर्म का मालिक इन कैमरों की मदद से अपने पूरे कैश पर नजर रखता था। सूत्रों की मानें तो उसने कैमरों को अपने मोबाइल से कनेक्ट भी किया हुआ था। वह कहीं भी बैठा होता था, वहां से अपने दफ्तर में लगे कैमरों की मदद से मूवमेंट को देख लेता था। ग्रेटर कैलाश के जिस परिसर से नोट बरामद हुए हैं, वहां सुरक्षा के लिए इमारत के चारों ओर कटीले तारों का इंतजाम किया गया था। पुलिस को ऑफिस की सुरक्षा के लिए गेट पर एक ही गार्ड तैनात मिला है।