दिल्ली मास्टर प्लान को लेकर दिल्ली के व्यापारिक वर्ग भी सक्रिय हो गए है। दिल्ली विकास प्राधिकरण द्वारा तैयार किए जाने वाले मास्टर प्लान 2041 को लेकर व्यापारियों ने भी कई सुझाव पेश किए है। इसे लेकर व्यापारियों का प्रतिनधिमंडल दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से मिला। सिसोदिया ने बैठक के दौरान एक हफ्ते में सुझाव देने को कहा।
दिल्ली में मास्टर प्लान 2041 को लेकर जद्दोजहद जारी है। इसे लेकर दिल्ली विकास प्राधिकरण लोगों से सुझाव ले रहा है, इसी को लेकर दिल्ली के व्यापारी भी जागरूक हो गए हैं। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री ने उपमुख्यमंत्री से मुलाकात कर दिल्ली के व्यापारियों के मुद्दों को भी मास्टर प्लान 2041 में शामिल करने की मांग की।
व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे सीटीआई के चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा कि बैठक में उपमुख्यमंत्री से अनुरोध किया गया कि दिल्ली सरकार उनके विषयों को डीडीए के सामने रखे। गोयल ने यह भी कहा कि डीडीए ने जो मास्टर प्लान 2041 का खाका तैयार किया है वो नई बोतल में पुरानी शराब जैसा है। इसमें कई फेरबदल की गुंजाइश है।
मुख्यमंत्री को दिया सुझाव
1. दिल्ली में गोदामों और वेयरहाउस के लिए एक ठोस पॉलिसी मास्टर प्लान में बननी चाहिए।
2. कनॉट प्लेस, चांदनी चौक, सदर बाजार रोडमैप बनाया जाए।
3. पुरानी दिल्ली के बाजारों से होलसेल एक्टिविटी को शिफ्ट करने की बात नये मास्टर प्लान में की गई है लेकिन उसके लिए कोई समय सीमा और जगह निर्धारित नहीं की गई है जबकि जिन बाजारों को पहले शिफ्ट किया जाना था उनको भी अभी तक शिफ्ट नहीं किया जा सका है।
4. दिल्ली के बड़े बड़े बाजारों में पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर कोई ठोस प्लान होना चाहिए।
5. कनवर्जन चार्ज को लेकर सील की गई दुकान को डीसील करने का प्रावधान होना चाहिए।
6. वेडिंग फेयर, नाइट शॉपिंग को बढ़ावा देने वाली योजना बनाई जाए।