दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने शनिवार को कहा है कि जल्द ही सरकारी अस्पतालों में सुबह और शाम की ओपीडी सेवा मरीजों को मिलेगी। उनका कहना है कि दिल्ली सरकार ने आने वाले दिनों में 12 घंटे की ओपीडी सेवा देने का फैसला किया। ताकि मरीजों को सुबह से लाइन में नहीं लगना पड़े।
स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सभी अस्पतालों में ओपीडी सेवा को दो पाली में किया जाएगा। डॉक्टरों की ड्यूटी भी पाली के अनुसार ही तय की जाएगी। फिलहाल सरकार ने सभी अस्पतालों से रिपोर्ट लेकर इस पर मंत्रणा शुरू कर दी है।
हालांकि कहा जा रहा है कि अन्य योजनाओं की भांति इस पर भी सरकार और उपराज्यपाल के बीच बहस छिड़ सकती है। क्योंकि दिल्ली सरकार के अस्पतालों में सेवाएं दे रहे रेजीडेंट डॉक्टरों को ये फैसला कतई बर्दाश्त नहीं होगा।