कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के केरल से चुनाव लड़ने पर दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय ने तंज कसा है। उन्होंने कहा है कि जब पूरा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तानाशाह सरकार के खिलाफ एकजुट होकर लड़ाई लड़ रहा है, ऐसे में कांग्रेस पार्टी की तरफ से यह एलान होना, कि राहुल गांधी केरल से भी चुनाव लड़ेंगे आश्चर्यचकित करने वाला है।
पत्रकारों से बातचीत में गोपाल राय ने कहा कि कांग्रेस की कथनी और करनी में फर्क है। पिछले 3 महीने से कांग्रेस असमंजस में है। पूरी दिल्ली की जनता चाहती है कि दिल्ली में विपक्ष एकजुट होकर चुनाव लड़े और दिल्ली और देश को मोदी की तानाशाही से छुटकारा दिलाएं।
परंतु कांग्रेस पार्टी एवं राहुल गांधी पिछले 3 महीने में यह फैसला नहीं ले पाए कि गठबंधन करना है या नहीं। पूरे देश में जिस तरह से कांग्रेस रणनीतियां अपना रही है, उसको देखकर एक बात तो तय है, कि यह रणनीतियां देश से भाजपा की तानाशाही को हटाने में नहीं बल्कि भाजपा को और मजबूत बनाने में सहायक सिद्ध होंगी।