नेशनल एलिजिबिलिटी एंट्रेस टेस्ट(नीट-2018) केलिए आवेदन करने वालों के लिए राहत की खबर है। केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने नीट के लिए ऑनलाइन आवेदन की अवधि को बढ़ा दिया है।
अब आवेदक 12 मार्च शाम तक आवेदन कर सकते हैं। बुधवार को सुप्रीम कोर्ट द्वारा नीट केलिए आधार की अनिवार्यता समाप्त किए जाने केबाद सीबीएसई ने आवेदन तिथि को बढ़ाया है। उल्लेखनीय है कि सीबीएसई के पूर्व निर्धारित शेड्यूल के मुताबिक आवेदन की अंतिम तिथि 9 मार्च तय थी।
सीबीएसई के नेशनल एलिजिबिलिटी एंट्रेस टेस्ट(नीट) निदेशक की ओर से जानकारी जारी की गई है। आवेदकों से कहा गया है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार आवेदक आधार नंबर के बिना ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। बोर्ड ने आवेदन प्रक्रिया को 9 मार्च से 12 मार्च शाम 5:30 बजे तक के लिए बढ़ा दिया है। आवेदक आवेदन शुल्क 13 मार्च रात 11:50 तक जमा करा सकते हैं।
आधार नंबर की जगह आवेदक पासपोर्ट नंबर, ड्राइविंग लाइसेंस, बैंक खाता नंबर, राशन कार्ड, वोटर आईडी कार्ड नंबर फॉर्म में भर सकते हैं। इंर्फोमेशन बुलेटिन में दी गई बाकी जानकारी पहले की भांति ही रहेगी।
वहीं एक बार अपने ब्यौरे में सुधार करने की सुविधा तिथि में भी बदलाव किया गया है। अब आवेदक 15 मार्च से 17 मार्च तक अपने ब्यौरे में सुधार कर सकते हैं। इससे पहले 12 मार्च से 16 मार्च तक की तिथि तय थी।