दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने यात्रियों की सुविधा के लिए इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट स्टेशन पर स्पेशल टोकन काउंटर खोला है। मुसाफिरों को यहां मेट्रो की अन्य लाइनों के टोकन और स्मार्ट कार्ड मिलेंगे।
केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू ने जून में एयरपोर्ट लाइन में सफर कर मेट्रो यात्रियों की दिक्कत समेत सुझाव मांगे थे। नायडू ने पब्लिक ट्रांसपोर्ट को जोड़ने समेत सुविधाओं में इजाफा करने के लिए को डीएमआरसी से कहा था, ताकि अधिक से अधिक लोग मेट्रो के विभिन्न लाइनों से जुड़ सकें।
इस बारे में डीएमआरसी के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनुज दयाल ने बताया कि एयरपोर्ट आने-जाने वाले यात्रियों को अब एयरपोर्ट मेट्रो लाइन में यात्रा करने के बाद दिल्ली मेट्रो की अन्य लाइनों से जुड़ने के लिए लाइन में नहीं लगना पड़ेगा। एयरपोर्ट स्टेशन पर ही यात्री अब दूसरा कार्ड और टोकन खरीद सकेंगे।
गौरतलब है कि एयरपोर्ट मेट्रो के यात्रियों को अपने गंतव्य तक जाने के लिए नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन से फिर से स्मार्ट कार्ड और टोकन खरीदना पड़ता था। अत्यधिक भीड़ होने से उन्हें काफी परेशानी होती थी। एयरपोर्ट लाइन और अन्य लाइनों के किराये में अंतर की वजह से दोनों में यात्रा के लिए स्मार्ट कार्ड और टोकन में अंतर है।
एक्सपायर नहीं होगा स्मार्ट कार्ड
डीएमआरसी ने मेट्रो स्मार्ट कार्ड को लाइफ टाइम के लिए बना दिया है। कार्ड अब कभी एक्सपायर नहीं होगा। इसके अलावा मुसाफिर नेटबैंकिंग से भी कार्ड रिचार्ज कर सकते हैं। स्मार्ट कार्ड प्रयोग करने से 10 फीसदी की छूट मिलेगी। गौरतलब है कि मेट्रो में रोजाना 28 लाख से अधिक लोग सफर करते हैं, जिसमें से 73 फीसदी से अधिक स्मार्ट कार्ड से स्मार्ट यात्री बने हुए हैं।