वायु गुणवत्ता आयोग के निर्देश पर कराया जा रहा था मास्टर रोड का निर्माण
मास्टर रोड 109/112 का काम बीच में छोड़ा, अब नए सिरे से जारी होगा टेंडर
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। न्यू गुरुग्राम में मास्टर रोड 109/112 के काम में लापरवाही बरतने पर गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने ठेकेदार को टर्मिनेट कर दिया है। यह सड़क वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के निर्देशों पर ठीक कराई जा रही थी।
जीएमडीए ने यह कार्य ठेकेदार सुनील को सौंपा था। सुनील ने निर्धारित कार्य पूरा नहीं किया और बीच में ही काम छोड़ दिया। प्राधिकरण ने कई नोटिस जारी किए, लेकिन ठेकेदार ने गंभीरता नहीं दिखाई। इस पर जीएमडीए ने जुर्माना लगाया और उसे टर्मिनेट करने की कार्रवाई की। जीएमडीए के कार्यकारी अभियंता शेखर नांदल ने बताया कि शेष कार्य अधूरा है। इसे पूरा कराने के लिए अब नए सिरे से टेंडर जारी होगा। सड़क निर्माण पूरा होने से आवागमन बेहतर होगा। इससे क्षेत्र में धूल प्रदूषण पर भी नियंत्रण में मदद मिलेगी।