शादी का प्रपोजल ठुकराए जाने से आहत अरशद (23) ने प्रेमिका के घर ही गोली मारकर आत्महत्या कर ली। यह सनसनीखेज घटना मंगलवार दोपहर डासना के दसदिसा मुहल्ले में हुई। उसके पेट में गोली लगी थी।
पास ही लाइसेंसी पिस्टल पड़ी थी। वह बिजनौर जिले के बुखारा मुहल्ले का रहने वाला था। यहां विजयनगर सेक्टर-11 में परिवार के साथ किराए पर रह रहा था। आर्डिनेंस फैक्ट्री में नौकरी करता था।
एक साल तक वह प्रेमिका केघर ही किराए पर रहा था। प्रेम संबंधों का खुलासा होने पर उसे एक माह पहले घर से निकाल दिया गया था।
घरवालों और मसूरी पुलिस ने बताया कि दोपहर साढ़े 12 बजे वह डासना दिसदिसा मुहल्ले में प्रेमिका के घर पहुंचा। प्रेमिका ने उसे चाय दी। इसके बाद उसने शादी की बात की।
लड़की और उसकी मां ने शादी से इनकार कर दिया। इस पर वह दूसरे कमरे में गया और चारपाई पर बैठकर पेट में गोली मार ली। फायरिंग की आवाज सुनकर लोगों का हुजूम लग गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल की। अरशद के ममेरे भाई फाजिल ने थाने में तहरीर दी है कि उसके भाई का शव गोली लगी हालत में पड़ा मिला है।
पिस्टल कहां से आई?
एसओ ने बताया कि अरशद जुराब में इंग्लिश पिस्टल लाया था। जांच की जा रही है कि उसके पास लाइसेंसी पिस्टल कहां से आई। माना जा रहा है कि वह ऑर्डिनेंस फैक्ट्री से पिस्टल लाया होगा।
हत्या या आत्महत्या
अमूमन गोली मारकर आत्महत्या करने वाले कनपटी में गोली मारते हैं। पेट में गोली मारकर आत्महत्या का यह नया मामला है।