ऑनर किलिंग के डर से युवक ने प्रेमिका से शादी करने से इंकार कर दिया। इस पर प्रेमिका उसे लेकर सेक्टर-20 थाने पहुंच गई और शादी पर अड़ गई। पुलिस के सामने युवक ने कहा कि वह उससे प्यार तो करता है लेकिन शादी करने पर युवती के परिजन उसकी हत्या कर देंगे। इसके बाद पुलिस ने युवती से समझाबुझाकर घर भेज दिया।
मूलरूप से उत्तराखंड की रहने वाली युवती सेक्टर-1 स्थित कंपनी में काम करती है। यहीं पर इटावा निवासी युवक भी काम करता है। युवती परिजनों के साथ दिल्ली के विनोद नगर और युवक अशोक नगर में रहता है। उनके बीच पिछले 10 महीने से प्रेम प्रसंग चल रहा है।
युवक का कहना है कि दोनों परिजनों की रजामंदी पर ही वह शादी करना चाहता हैं लेकिन युवती के परिजन शादी के खिलाफ हैं। उसे डर है कि शादी के बाद युवती के परिजन उसे जान से मार डालेंगे।
इस बात का पता लगने पर युवती शुक्रवार को युवक को लेकर सेक्टर-20 थाने पहुंच गई और शादी की बात पर अड़ गई। थाने में युवक ने पुलिस के सामने युवती के परिजनों से जान का डर बता शादी करने से इंकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने युवती को समझा बुझाकर घर भेज दिया।