गुड़गांव के सोहना रोड स्थित एक निजी कंपनी में एचआर कर्मी ने अपने पूर्व सहकर्मी और उसके दोस्त पर अश्लील मैसेज भेजकर परेशान करने का आरोप लगाया है। युवती की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
24 वर्षीय युवती ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि एक साल पहले सोहना रोड स्थित निजी कंपनी में एचआर विभाग में कार्यरत थी। इसी दौरान कंपनी में काम करने वाले अमित शर्मा से उसकी पहचान हो गई।
युवती का आरोप है कि कंपनी की नौकरी छोड़ने के बाद अमित उसके मोबाइल पर कॉल करने लगा। मना करने के बाद भी वह लगातार कॉल करता रहा। आरोप है कि अमित और उसके दोस्त रिषि ने उसके मोबाइल पर अश्लील मैसेज भेजने शुरू कर दिए। जब दोनों को मना किया गया तो उसके साथ बदतमीजी करने के अलावा उसे जान से मारने की धमकी दी।
युवती की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने अमित शर्मा और रिषि के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच कर रही महिला एएसआई मंजूषा के मुताबिक आरोपियों की पहचान की जा रही है जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।