शाहदरा इलाके में युवती से झपटमारी कर रहे दो बदमाशों से साहस का परिचय देते हुए बीसीए का छात्र भिड़ गया। पकड़े जाने के डर से बदमाशों ने छात्र पर गोली चला दी। गोली छात्र के पैर में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गया और बदमाश भाग गए। छात्र हरिओम कुमार (22) को जख्मी हालत में जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। मंगलवार शाम को उसके पैर का ऑपरेशन जारी थी। पुलिस ने छात्र के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस वारदात स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी की मदद से बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक हरिओम परिवार के साथ भगवानपुर खेड़ा गांव, शाहदरा में रहता है। इसके परिवार में पिता मनोज कुमार, मां, एक भाई व दो बहनें हैं। हरिओम इग्नू से बीसीए की द्वितीय वर्ष में पढ़ाई कर रहा है। इसकी क्लास श्यामलाल कॉलेज में चलती है। मंगलवार रात करीब 11 बजे वह अपने रिश्तेदार के यहां से पैदल लौट रहा था।
इस बीच मेन रोड पर शराब के ठेके के पास बाइक सवार दो बदमाश आटो से उतर रही युवती का पर्स छीनने लगे। हरिओम साहस का परिचय देकर बदमाशों से भिड़ गया। इस दौरान बदमाशों ने हरिओम को गोली मार दी। इसके बाद आरोपी भाग गए। इधर, सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल हरिओम को अस्पताल में भर्ती कराया। शाहदरा थाना पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।