महिला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुशीला देवी के अनुसार, मुंडकटी थाना अंतर्गत रहने वाली एक युवती ने शिकायत दर्ज करवाई है कि वर्ष 2022 में वह पृथला औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक कंपनी में नौकरी करती थी। कंपनी में उसकी मुलाकात साथ काम करने वाले नवीन से हुई। नवीन ने किसी तरह उसका मोबाइल नंबर हासिल कर लिया और उसे फोन कर परेशान करने लगा।
करीब दो महीने बाद परेशान होकर उसने नौकरी छोड़ दी। नौकरी छोड़ने के बाद भी नवीन ने उसे फोन पर परेशान करना नहीं छोड़ा और उस पर शादी का दबाव बनाने लगा। मना करने पर उसे जान से मारने की धमकी देता था। आरोपी ने धमकी दी कि उसकी चैट परिजनों को दिखाकर बदनाम कर देगा। धमकी देकर आरोपियों ने उसके अश्लील फोटो व वीडियो फोन पर मंगवा लिए।
बीती नौ अगस्त को आरोपी ने उसकी बहन के साथी वकील को वह वीडियो भेज दिया। वकील ने वह वीडियो उसकी बहन को दिखाया। बाद में उन्हें पता चला कि उसकी अश्लील वीडियो को आरोपी ने सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिया है। शिकायत में कहा गया कि उसकी शादी होने वाली है। अश्लील वीडियो उसके ससुराल वाले भी देख सकते हैं, जिससे वह मानसिक तनाव में है।