मनचले की हरकतों से तंग आकर युवती ने पुलिस से जानमाल का खतरा बताया है। युवती ने कविनगर थाने में गुहार लगाई है साहब सिरफिरा मनचला छह महीने से पीछे पड़ा हुआ है, शादी के लिए दबाव बना रहा है। मना करने पर मुझे और परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा है। परिवार के समझाने पर भी नहीं मान रहा।
युवती शहर के एक निजी कालेज में शिक्षिका है। पीड़िता ने कविनगर थाना प्रभारी से गुहार लगाई है कि एक युवक उसे छह महीने से परेशान कर रहा है। फेसबुक के माध्यम से उसकी युवक से जानकारी हुई थी। इसके अतिरिक्त उसके बारे में कुछ नहीं जानती है। पिछले काफी समय से वह प्यार करने और शादी के लिए दबाव बना रहा है।
युवक के बारे में अपने परिवार के लोगों को बताया। परिवार के लोगों ने उसके घर जाकर शिकायत की। कुछ समय तक तो आरोपी युवक शांत रहा। अब फिर से आरोपी ने फोन पर व रास्ते में परेशान करना शुरू कर दिया है। अब धमकी दे रहा है कि यदि शादी नहीं की तो तुझे और तेरे पूरे परिवार को मार डालूंगा।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी युवक सिरफिरा है। वह कभी भी किसी घटना को अंजाम दे सकता है। तहरीर के आधार पर कविनगर थाना पुलिस ने युवक को पकड़ने के लिए कई स्थानों पर दबिश दी है। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर युवक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। समझाया जाएगा, यदि नहीं मानता है तो कार्रवाई की जाएगी।