मैदानगढ़ी स्थित एक कोविड सेंटर में 15 साल की कोरोना पॉजिटिव लड़की के साथ यौन शोषण का मामला सामने आया है। पीड़िता ने कोविड सेंटर में ही भर्ती संक्रमित दो युवकों पर आरोप लगाते हुए मैदानगढ़ी थाने में शिकायत दी है। आरोप है कि एक युवक ने उसके साथ वारदात को अंजाम दिया, जबकि दूसरे ने सहयोग किया।
इस मामले में अब यह बात सामने आ रही है कि पीड़िता कोरोना से ठीक हो चुकी है। गुरुवार देर शाम आई उसकी रिपोर्ट में वह कोरोना निगेटिव पाई गई है। शुक्रवार को पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने यह जानकारी भी दी है कि दोनों गिरफ्तार आरोपियों को एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। दूसरे आरोपी पर वारदात की अश्लील फिल्म बनाने का आरोप है। दोनों में ही कोरोना के कोई लक्षण अब नहीं है, लेकिन रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद ही इन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
क्या है पूरा मामला
जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने दावा किया है कि दोनों आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं, जबकि सूत्रों का कहना है कि जब तक युवक कोरोना निगेटिव नहीं हो जाते हैं तब तक उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जाएगा।
दक्षिण दिल्ली के मैदानगढ़ी इलाके में कोविड सेंटर बनाया गया है। इसकी देखरेख का जिम्मा आईटीबीपी के पास है। पीड़िता को कोरोना पॉजिटिव होने के बाद सेंटर में भर्ती कराया गया था। वहीं पर 18-19 साल के दोनों युवक भी संक्रमित होने के बाद से भर्ती हैं। आरोप है कि 14 जुलाई को एक आरोपी ने सुनसान जगह ले जाकर किशोरी के साथ यौन शोषण किया। वारदात में दूसरे युवक ने उसका साथ दिया। बाद में उसे धमकाया भी गया।
शिकायत के बाद किशोरी को दूसरे कोविड सेंटर में भेज दिया गया है। वहीं, आरोपियों को भी वहां से किसी दूसरे सेंटर में भेजा गया है। इतने कड़े सुरक्षा इंतजाम के बाद भी आरोपियों ने कैसे वारदात को अंजाम दिया। इसकी जांच की जा रही है। पूरे कोविड सेंटर में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं। उनकी फुटेज भी खंगाली जा रही है।