दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने हेरोइन सप्लाई करने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह के दो ड्रग्स तस्करों को दबोचा है। आरोपियों की पहचान मणिपुर निवासी इकबाल खान इशाक खान के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 40 करोड़ रुपये की 10 किलो हेरोइन, एक कार व तीन मोबाइल बरामद किए हैं। आरोपी कार के दरवाजों और पहियों के पास विशेष जगह बनाकर हेरोइन वहां छिपाकर दिल्ली-एनसीआर व देश के दूसरे हिस्सों में पहुंचाते थे। हर बार आरोपी कार का रंग बदल देते थे।
स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त संजीव कुमार यादव ने बताया कि पिछले दिनों उनकी टीम ने अली नामक एक ड्रग्स तस्कर को दबोचा था। जांच के दौरान उसका पता चला था कि अली म्यांमार से मणिपुर हेरोइन मंगाता है। इसके बाद उत्तर-पूर्वी राज्यों, पश्चिम बंगाल होते हुए हेरोइन को दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पहुंचाया जाता है। पुलिस को सूचना मिली थी कि उसके गुर्गे हेरोइन लेकर दिल्ली-एनसीआर व यूपी आते हैं। इस बीच बृहस्पतिवार को टीम को सूचना मिली कि रात को जीटी रोड स्थित संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर में हेरोइन लेकर कुछ तस्कर आने वाले हैं।
जानकारी जुटाकर पुलिस ने मणिपुर निवासी इकबाल व इशाक को दबोच लिया। इनके पास से आठ किलो हेरोइन बरामद हुई। आरोपियों ने बताया कि इनकी कार खराब होने की वजह से बरेली में खड़ी है। दो किलो हेरोइन उसमें है। पुलिस टीम ने कार बरामद कर हेरोइन भी बरामद कर ली। आरोपियों ने बताया कि हेरोइन किसी नाजिम नामक शख्स को देनी थी।