ग्रेटर नोएडा में दनकौर कोतवाली के एक गांव से एक युवती शादी से दो सप्ताह पहले प्रेमी के साथ फुर्र हो गई। पीड़ित परिजनों ने पहले तो युवती की तलाश की, लेकिन उसके नहीं मिलने पर कोतवाली में सूचना दे दी। प्रेमी और प्रेमिका एक ही गांव के रहने वाले हैं।
जानकारी के मुताबिक दनकौर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की युवती की शादी 24 फरवरी को होनी थी, लेकिन उसका गांव के ही दूर के रिश्तेदार से कई माह से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती के घर पर शादी की तैयारियों में पूरा परिवार जुटा था। इसी बीच युवती मौका देखकर फरार हो गई।
बताया जा रहा है कि शादी की खरीदारी के लिए युवती बुधवार शाम को दनकौर कस्बे में गई थी, लेकिन उसके देर रात तक घर नहीं लोटने पर परिजनों ने उसकी बहुत तलाश की। उसका कहीं पता नहीं चलने पर परिजनों ने पुलिस में शिकायत दे दी।
उधर प्रेमी ने अपने परिजनों को सूचना दे दी कि वह गांव की युवती को लेकर शादी रचाने के लिए चला गया है। पुलिस ने प्रेमी युगल की तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार का कहना है कि युवक-युवती अपनी मर्जी से गए हैं।
शादी वाले दिन दूल्हा गायब
ग्रेटर नोएडा के बिलासपुर से एक दूल्हा शादी वाले दिन सुबह गायब हो गया। दूल्हे के गायब हो जाने पर लड़की की शादी एक अन्य युवक से उसी दिन कर दी गई। बिलासपुर क्षेत्र से एक बारात बुधवार को रबूपुरा क्षेत्र के एक गांव में जानी थी। सुबह दूल्हा गायब हो गया। काफी खोजने पर जब वह नहीं मिला तो परिवार वालों ने इसकी सूचना दुल्हन पक्ष को दी। लड़की पक्ष के कुछ लोग तस्दीक करने बिलासपुर पहुंचे। बाद में उस लड़की की शादी किसी अन्य युवक से कर दी गई। इस मामले में पुलिस में शिकायत नहीं दी गई।