मेट्रो पुलिस उपायुक्त का काम देख रहे आईजीआई एयरपोर्ट के पुलिस उपायुक्त विचित्र वीर ने बताया कि मंगलवार दोपहर 1.15 बजे पुलिस को युवती के चलती मेट्रो के सामने छलांग लगाने की जानकारी मिली। जब तक जनकपुरी मेट्रो स्टेशन थाना पुलिस पहुंची, सीआईएसएफ और मेट्रो कर्मियों ने घायल युवती को सरकारी अस्पताल लेकर जा चुके थे। पुलिस वहां पहुंची तो पता चला कि लड़की के परिवार वाले मौके पर पहुंच गए हैं और लड़की को निजी अस्पताल में लेकर गए हैं। युवती की हालत नाजुक बनीं हुई है। अभी वह बयान देने की हालत में नहीं है। जांच में पता चला कि युवती नजफगढ़ की रहने वाली है।
पुलिस को युवती के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस युवती के परिवार वालों से पूछताछ कर मामले की छानबीन में जुटी है।