बल्लभगढ़ के गांव करनेरा के एक निजी स्कूल में पंखा गिरने से 10वीं कक्षा की एक छात्रा घायल हो गई। स्कूल प्रबंधन ने बिना परिजनों को सूचित किए बच्ची का इलाज करवा दिया।
इस पर मामले ने तूल पकड़ लिया। परिजनों ने स्कूल पर लापरवाही और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए मामले की शिकायत पुलिस को दे दी।
बेहबालपुर निवासी 10वीं कक्षा की छात्रा संगीता ने बताया कि वह करनेरा गांव में एक निजी स्कूल में पढ़ती है। सुबह करीब 10:00 बजे जब वह अपनी क्लास में थी तो पंखा गिर गया। हादसे में उसके सिर में चोट आई।
इसके करीब 25 मिनट बाद स्कूल के एक कर्मचारी से पट्टी करवा दी गई। छात्रा के पिता होशियार सिंह का आरोप है जब उसकी बेटी घायल हुई तो स्कूल प्रबंधन ने सूचित नहीं किया।
परिजनों ने नाराजगी जताते हुए घायल को एम्स अस्पताल लेकर गए। मामले की जानकारी सिकरोना चौकी में दी गई है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि इसी स्कूल में करीब माह पूर्व छह साल की एक बच्ची की मौत हो चुकी है। इस मामले में भी परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया था।