दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में एक दुर्लभ मामला सामने आया। सात दिन मशीन में आराम के बाद वापस बच्ची का दिल स्वस्थ हो गया। 11 वर्षीय बच्ची का दिल अब 100 फीसदी कार्य कर रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, जब बच्ची को अस्पताल लाया गया था, उस वक्त उसका दिल करीब 25 फीसदी कार्य कर रहा था।
धीरे-धीरे धड़कन कम हो रही थी। यह देख डॉक्टरों ने तत्काल एक्स्ट्राकोर्पोरियल मेम्ब्रेन ऑक्सीजनेशन (एकमो) मशीन का सहारा लिया, जो उन रोगियों की सहायता करती है, जिनके दिल और फेफड़ों को आराम करने की जरूरत पड़ती है।
इस मशीन के सहारे सात दिन तक बच्ची का रक्त उसके शरीर से बाहर दिल और फेफड़ों में पंप करता रहा और उसके दोनों अंग आराम करते रहे। यह मशीन कार्बन डाइऑक्साइड को हटाती है और ऑक्सीजन युक्त रक्त को शरीर में भेजती है।
रक्त हृदय के दाहिने हिस्से से मशीन में प्रवाहित होता है। फिर इसे गर्म कर शरीर में वापस भेजा जाता है। अस्पताल के वरिष्ठ डॉ. मृदुल अग्रवाल ने बताया, बच्ची एक वायरल संक्रमण की चपेट में थी, जिसके कारण उसे दिल की समस्या हुई। इसे वायरल मायोकार्डिटिस के रूप में जाना जाता है।