पीतमपुरा स्थित विवेकानंद इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडी कॉलेज की सातवीं मंजिल से गिरकर वरीशा की हुई मौत के मामले में परिवार वालों ने हत्या का शक जताया है। परिवार वालों ने पुलिस को लिखित शिकायत दी है, जिसमें कहा गया है कि वरीशा खुदकुशी जैसा कदम नहीं उठा सकती है।
किसी ने धक्का देकर उसकी हत्या की है और इसे आत्महत्या दिखाने की कोशिश की जा रही है। परिवार वालों ने पुलिस से कई सवालों के जवाब भी मांगे हैं। पुलिस ने शुक्रवार को अंबेडकर अस्पताल में तीन डॉक्टरों के पैनल की देखरेख में शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। उनका कहना है कि वरीशा के बैग से मिले दोनों फोन के लॉक को खोलने की कोशिश की जा रही है। साथ ही उसकी कॉल डिटेल के जरिये यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना से पूर्व किन लोगों से उसकी बात हुई है।
इसके अलावा पुलिस कॉलेज की छठी और सातवीं मंजिल पर काम करने वाले कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने उन दो महिला टीचरों से भी पूछताछ की है, जो वरीशा को सातवीं मंजिल पर मिली थीं।
परिवार वालों का कहना है कि एलएलएम कोर्स में फॉर्म भरने के बाद वरीशा खुश थी। परिवार वालों का कहना है कि कॉलेज की पांचवीं मंजिल पर जाकर वह कोर्स से संबंधित सारी जानकारी हासिल करने के बाद नीचे आ गई थी, लेकिन बाद में किसी ने उसे सातवीं मंजिल पर बुलाया और धक्का दे दिया।