इंदिरापुरम से सटी जीडीए की विस्तार योजना को लोग हाथोंहाथ लेंगे। आवासीय योजना से दिल्ली व नोएडा पांच से 10 मिनट में पहुंचा जा सकेगा। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे का काम पूरा होने से एनएच-9 पर लगने वाले जाम से मुक्ति मिलने के बाद दिल्ली के सराय काले खां रेलवे स्टेशन 20 मिनट में पहुंचा जा सकेगा।
वहीं, इंदिरापुरम विस्तार से नोएडा और ग्रेटर नोएडा के कोने तक का सफर जल्द पूरा हो जाएगा। योजना में आवासीय भूखंड आने और अच्छी लोकेशन होने से लोगों को बड़ा लाभ होगा। इंदिरापुरम में वर्तमान भूखंड का सर्किल रेट 50 से 55 हजार प्रति वर्ग मीटर है। ऐसे में योजना में भूखंड इसी के आसपास या फिर ऊपर आने का अनुमान लगाया जा रहा है।
200 से 350 वर्ग मीटर के होंगे भूखंड
जीडीए अधिकारियों के मुताबिक इंदिरापुरम एक्सटेंशन में मुख्य रूप से एकल यूनिटों के भूखंडों की योजना लाई जाएगी। इसमें 200 वर्ग मीटर, 250, 300 और 350 वर्ग मीटर के भूखंड काटने की योजना है। जीडीए अधिकारियों ने साफ किया है आवासीय भूखंडों में केवल एकल यूनिट के निर्माण की अनुमति दी जाएगी।
नक्शा पास होने से लेकर निर्माण तक कड़ी मॉनीटरिंग की जाएगी। योजना में व्यावसायिक भूखंड होंगे। इसमें स्कूल-कॉलेज, पेट्रोल पंप आदि भूखंड़ों को शामिल किया जाएगा।
नहीं झेलना होगा जाम, 12 से 30 मीटर की होंगी सड़कें
जीडीए की योजना इंदिरापुरम एक्सटेंशन को व्यवस्थित तरीके से बसाने की है। योजना में लोगों को जाम की समस्या नहीं झेलनी पड़े, इसके लिए सड़कों को 12 से 30 मीटर तक का बनाया जाएगा। भविष्य में जाम की समस्या न आए, इसका ले-आउट में विशेष ध्यान दिया जा रहा है। योजना में लोगों को समुचित हरियाली उपलब्ध होगी।
योजना की विभिन्न पॉकेट में छोटे और बड़े कई पार्क बनाए जाएंगे। इसके अलावा नई हरित पट्टियां और सड़कों के बीच सेंट्रल वर्ज भी विकसित होंगी।
कोट...
इंदिरापुरम एक्सटेंशन की जमीन का सेटेलाइट सर्वे शुरू किया गया है। सर्वे से सड़क, नालों, खंभों सहित अन्य निर्माण संबंधी जानकारी हासिल होगी। फिर ले-आउट पर काम शुरू कर दिया जाएगा। - आशीष शिवपुरी, सीएटीपी, जीडीए