दिल्ली की गाजीपुर सब्जी मंडी में भी आम लोगों के प्रवेश पर पूर्ण पाबंदी लगा दी गई है। अब सब्जी मंडी में केवल थोक व्यापारी ही माल की खरीद/बिक्री कर सकेंगे। आढ़तियों की दुकान पर काम करने वाले मजदूरों का भी पास बनवाना होगा। इसके लिए आढ़ती अपने यहां काम करने वाले अधिकतम तीन मजदूरों का पास बनवा सकेंगे जो सब्जी मंडी समिति के द्वारा बनाया जाएगा। हर आढ़ती की दुकान पर आने वाली गाड़ियों की संख्या को भी अधिकतम तीन तक सीमित कर दिया गया है जिससे मंडी में अनावश्यक भीड़भाड़ न हो और कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा न बढ़े। व्यापार के दौरान मंडी के सभी व्यापारियों को मास्क पहनना, सैनेटाइज़र का इस्तेमाल करना और हाथ धोना अनिवार्य कर दिया गया है। आजादपुर सब्जी मंडी में इसी तरह का फैसला मंगलवार को ही लागू किया जा चुका है।
गाजीपुर सब्जी मंडी समिति के चेयरमैन सत्यदेव प्रसाद ने अमर उजाला को बताया कि कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे को देखते हुए मंडी में आम लोगों का प्रवेश रोक दिया गया है। इस दौरान मंडी में भीड़भाड़ न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाये गये हैं। अब कोई व्यापारी ज्यादा सामान की खरीदी भी नहीं कर सकेगा। आढ़तियों को उतना ही माल खरीदने की अनुमति दी गई है जितना वे औसतन रोजाना बेच लेते हैं। इससे होर्डिंग पर भी रोक लगेगी और मंडी में अनावश्यक भीड़ को भी कम किया जा सकेगा।
आम लोगों को न हो सब्जी की कमी
आम लोगों को सब्जियों की कमी न हो, इसके लिए मंडी में ठेले वालों को आने की अनुमति दी गई है। इससे आम जनता तक जरुरी सब्जियां पहुंचती रहेंगी। ठेले वाले मंडी से सब्जी खरीद कर अपने इलाकों में बेच सकेंगे। लेकिन इस दौरान भी उन्हें कोरोना संक्रमण के उपायों का पालन करना पड़ेगा।
पटपड़गंज औद्योगिक थाना क्षेत्र के एसएचओ अरुण चौधरी ने अपने जवानों के साथ मंडी में भीड़ कम करने की जिम्मेदारी उठाई और व्यापारियों की सहमती से इसे आज पूरी तरह अमल में लाया गया। पुलिस मंडी में हर आने-जाने वालों पर निगाह रख रही है और पास चेक कर रही है।