मसूरी। नाहल-जेल मार्ग पर रविवार देर शाम दो बाइकों की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। इसी दौरान बाइकों को बचाने के प्रयास में एक स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर सड़क से उतरकर खेत में जा घुसी। हादसे में कार चालक सुरक्षित बच गया।
एसीपी मसूरी सुनील कुमार ने बताया कि हादसा शाम करीब साढ़े सात बजे हुआ। मृतक की पहचान ग्राम कुशालिया मसूरी निवासी साहिल (19) पुत्र इरफान के रूप में हुई है। घायल ग्राम ढबारसी मसूरी निवासी जाकिर को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। दोनों शादी समारोह से लौट रहे थे।
एसीपी के अनुसार, साहिल के ताऊ शकील अहमद निवासी कुशालिया की बेटी की शादी थी। बरात बड़ा मवाना से आई थी और जेल-नाहल मार्ग स्थित एक फार्म हाउस में शादी समारोह चल रहा था। समारोह में शामिल होने आए साहिल के मौसा जाकिर उन्हें बाइक से ढबारसी छोड़ने जा रहे थे।
इसी दौरान जेल-नाहल मार्ग पर उनकी बाइक की एक अज्ञात बाइक से टक्कर हो गई। इसी समय वहां से गुजर रही स्विफ्ट डिजायर कार का चालक बाइकों को बचाने के प्रयास में नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से उतरकर खेत में जा घुसी। कार चालक ग्राम नाहल निवासी हसन हादसे में सुरक्षित बच गए।
घायल साहिल और जाकिर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डासना ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला संयुक्त अस्पताल संजयनगर भेज दिया गया। वहां से गंभीर रूप से घायल साहिल को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।