लोनी। थानाक्षेत्र स्थित गढ़ी जस्सी गेट के सामने बने फ्लाईओवर पर 28 मार्च को सड़क हादसे में घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। युवक बॉर्डर थानाक्षेत्र के राजीव गार्डन कॉलोनी का निवासी देव वर्मा थे। हादसा उस समय हुआ जब देव बाइक से अपने घर लौट रहे थे। उनके पिता गोपाल वर्मा की तहरीर पर पुलिस ने टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन चालक पर एक अप्रैल को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
गोपाल वर्मा ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा देव ट्रॉनिका सिटी में कुछ काम से गया था। 28 मार्च को वह काम निपटाने के बाद बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में फ्लाईओवर पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि देव गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तुरंत इलाज के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने पुलिस को तहरीर दी। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही वाहन को ट्रेस कर उसके चालक को गिरफ्तार किया जाएगा।