कौशांबी। ईडीएम बैरियर पर चेकिंग करते समय पुलिस ने एक युवक को चोरी की कार के साथ शुक्रवार रात गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने कार दिल्ली से चुराई थी, जिसे वह कोलकाता के पुकुर स्थित अपने घर ले जा रहा था। उसके पास से दो मोबाइल भी बरामद हुए हैं। पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपी से पूछताछ कर रही है।
एसीपी इंदिरापुरम स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि ईडीएम बैरियर स्थित पुलिस बूथ पर शुक्रवार रात कौशांबी पुलिस की टीम चेकिंग कर रही थी। दिल्ली की तरफ से आ रही एक कार को रोकने की कोशिश की तो उसका चालक कार छोड़कर भागने लगा, लेकिन पकड़ा गया। पूछताछ में चालक ने खुद को कोलकाता के नॉर्थ रेंज स्थित बनिया पुकुर निवासी मोहम्मद राशिद अली बताया। कार के बारे में पूछताछ की गई तो बताया कि उसने कार लाजपतनगर दिल्ली के अमर कॉलोनी से चोरी की थी। जिसे वह कोलकाता लेकर जा रहा था। एसआई भुवन चंद्र शर्मा की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।