मुरादनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में दूसरे समुदाय के युवक पर नौ वर्षीय बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने घर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। घटना के बाद आरोपी और उसके परिवार के लोग गांव छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी परिवार ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि गांव का एक युवक उनकी नौ वर्षीय बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया। आरोप है कि वहां उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन बच्ची को लेकर थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पीड़िता कक्षा पांच में पढ़ती है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।