मसूरी क्षेत्र में गंगनहर पटरी कांवड मार्ग पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजड़ गईं। गांव नाहल मोहल्ला गुइयों के रहने वाले सलीम पुत्र फजरू उर्फ फजर मोहम्मद की इस दुर्घटना में जान चली गई।
सलीम दिनभर मजदूरी करने के बाद मसूरी से थ्री व्हीलर में बैठकर शनिवार रात 8.30 बजे अपने घर गांव नाहल वापस लौट रहा था, जब थ्री व्हीलर गंगनहर रेलवे पुल से आगे पहुंचा तभी सामने से आ रहे थ्री व्हीलर की चपेट में आकर नीचे सड़क पर गिर गया, जिससे वह गंभीर घायल हो गया, दुर्घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने इंसानियत का परिचय दिया, उन्होंने घायल सलीम को तुरंत इलाज के लिए पिलखुआ स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जैसे ही सलीम के निधन की खबर उसके घर पहुंची, परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
परिवार में कोहराम मच गया, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इस दर्दनाक घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसे मेडिकल परिक्षण के लिए भेज दिया है। कार्यवाहक एसीपी मसूरी भास्कर वर्मा ने बताया कि गंगनहर कांवड मार्ग पर पुलिस को थ्री व्हीलर से टकराकर नाहल निवासी सलीम पुत्र फजर मोहम्मद की अस्पताल में मृत्यु हो गई थी, जिसका नियमानुसार मेडिकल परिक्षण कराया गया है। अभी मृतक के परिजनों से कोई शिकायत नहीं मिली है, शिकायत मिलने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।