वेव सिटी क्षेत्रांतर्गत अपने क्रेडिट कार्ड से बैंक खाते में वेबसाइट के जरिये ऑनलाइन पेमेंट करने पर युवक से करीब 2 लाख रुपये की साइबर ठगी हो गई, पीड़ित ने साइबर क्राइम व पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
थाना वेव सिटी क्षेत्र में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। एक युवक को फर्जी ऑनलाइन पेमेंट वेबसाइट के जरिए झांसे में लेकर साइबर ठगों ने लगभग 2 लाख रुपये की चपत लगा दी। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम पुलिस और वेव सिटी थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
वेव सिटी स्थित ड्रीम होम्स टावर-7 के निवासी अनुज कुमार ने पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में बताया कि 6 जून को उन्होंने क्रेडिट कार्ड से अपने बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर करने के लिए शनशाइनपे.ऑनलाइन नामक वेबसाइट पर विजिट किया था। वेबसाइट पर दिए गए निर्देशों के अनुसार, उन्होंने अपने क्रेडिट कार्ड और बैंक अकाउंट की जानकारी दर्ज की। इसके तुरन्त बाद उनके दो अलग-अलग एचडीएफसी और एसबीआई क्रेडिट कार्ड्स से कुल 1 लाख 99 हजार 930 रुपये कट गए। यह राशि अनुज के एचडीएफसी बैंक खाते में ट्रांसफर होनी थी, लेकिन पैसे खाते में नहीं पहुंचे। काफी प्रयास और पड़ताल के बाद पीड़ित को अहसास हुआ कि वे एक बड़ी साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं।
ठगी की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने तुरन्त राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नम्बर पर सम्पर्क कर अपनी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पत्र में पीड़ित ने फर्जी वेबसाइट और जालसाजों के सम्पर्क नम्बरों का विवरण पुलिस को सौंपा। पीड़ित ने वेव सिटी पुलिस से मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए ठगे गए पैसे वापस कराने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की गुहार लगाई है। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, जांच-पड़ताल करके वैधानिक कार्रवाई की जायेगी।