मोदीनगर। नगर की बलवंतपुरा कॉलोनी निवासी युवक नैतिक ने तीन दिन पूर्व जहरीला पदार्थ खाकर खुदकुशी का प्रयास किया। नैतिक नगर के एक निजी अस्पताल में आईसीयू में भर्ती है। नैतिक ने जहरीला पदार्थ खाने से पहले एक सुसाइड नोट लिखा। जिसमें उसने एक सहपाठी और उसके परिजनों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया। आरोप है कि सहपाठी ने उससे 15 लाख रुपये उधार लिए थे, रकम मांगने पर आरोपी और उसका परिवार प्रताड़ित कर रहा था। नैतिक के पिता श्रीपाल ने थाने में घटना की तहरीर दी है।
बलवंतपुरा कॉलोनी निवासी श्रीपाल ने बताया कि उनके पुत्र नैतिक ने मुरादनगर के ग्राम हिसाली निवासी अपने सहपाठी को एक साल पहले 15 लाख रुपये उधार दिए थे। इनमें लगभग 11.50 लाख रुपये उसने अपने दो जानकारों से उधार लेकर दिए। आरोप है कि सहपाठी और उसकी पत्नी व पिता रकम लौटाने से इन्कार कर रहे हैं और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। नैतिक ने बीते रविवार को पांच पेज का सुसाइड नोट लिखकर जहरीला पदार्थ खाकर खुदकुशी की कोशिश की। मौके पर पहुंचे परिजन नैतिक को उपचार के लिए नगर के एक निजी अस्पताल में ले गए। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।