पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र में 45 हजार रुपये और मोबाइल लूट की झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करना एक युवक को भारी पड़ गया। जांच में सूचना झूठी मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार जनपद बुलंदशहर जनपद के थाना गुलावठी क्षेत्र निवासी कमल सिंह गांव दहपा में हलवाई का काम करने आया था। मंगलवार की सुबह उसने डायल 112 पर सूचना दी कि उससे 45 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की। जांच के दौरान लूट की घटना की पुष्टि नहीं हुई और सूचना झूठी पाई गई।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि जांच में डायल 112 पर दी गई सूचना असत्य मिली है। युवक को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस को गुमराह करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।