औरंगाबाद-जहांगीराबाद मार्ग स्थित एक गांव निवासी युवती रविवार की शाम को रोजमर्रा की तरह डेयरी पर दूध डालकर वापस अपने घर लौट रही थी। इस दौरान रास्ते में खड़े तीन युवकों ने युवती को अकेला आता देख उसे रोक लिया और जबरन खेत में खींचकर ले गये। वहां तीनों आरोपियो ने उक्त युवती के साथ जबरन छेड़छाड़ कर उसके साथ अश्लील हरकतें करनी शुरू कर दीं। युवती ने छेड़छाड़ का विरोध किया तो उसकी पिटाई कर डाली।
युवती की चीख-पुकार सुन ग्रामीण और उसके परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। जबकि उसके दो साथी मौके से भाग खड़े हुए। परिजनों ने 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एक आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले आई।
पीड़िता के पिता ने तीन आरोपियों को नामजद करते हुए थाने में तहरीर दी है। औरंगाबाद थाना प्रभारी मोहम्मद असलम ने बताया कि पीड़ित पक्ष द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसका चालान किया जा रहा है।