लोनी। बॉर्डर थाना क्षेत्र के कृष्णा विहार फेस-2 कॉलोनी में भाई को बचाने गए युवक पर दबंग ने चाकू से हमला कर दिया। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। युवक की पत्नी ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
नीतू शुक्ला ने बताया कि बृहस्पतिवार रात को अंकित और उसके साथ 6 लड़कों ने मिलकर उनके देवर उमाशंकर के साथ मारपीट की। उन्होंने बताया कि वह और उनके पति प्रमोद देवर को आरोपी से बचाने गए। इस दौरान आरोपी अंकित ने उनके पति के पेट में चाकू से वार कर दिया। उन्हाेंने बताया कि पति गंभीर रूप से घायल हो गए। एसीपी अंकुर विहार भास्कर वर्मा ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी अंकित को गिरफ्तार कर लिया गया है।