खोड़ा। सरस्वती विहार कॉलोनी में सोमवार देर रात एसी मैकेनिक जसवीर (33) की उसके दोस्त सलमान ने गला रेतकर हत्या कर दी। शराब पीने के लिए जसवीर ने सलमान से एक हजार रुपये मांगे। सलमान के रुपये नहीं देने पर दोनों में झगड़ा हुआ। इसके बाद सलमान ने उसकी हत्या कर दी। मंगलवार सुबह जब आसपास के लोग जसवीर के घर के पहुंचे तो घटना का पता चला। मामले में पुलिस ने सलमान को गिरफ्तार कर लिया है।
सरस्वती विहार कॉलोनी में जसवीर उर्फ लाला अकेले रहते थे। जसवीर की बहन अरुणा ने बताया कि 20 साल पहले उनके माता-पिता का देहांत हो गया था। जसवीर दो बहनों में एक भाई था। दोनों बहनों की शादी हो चुकी है। मंगलवार सुबह आसपास के लोगों ने उनके भाई की हत्या की जानकारी दी। सूचना पाकर वह मौके पर पहुंचीं। आसपास के लोगों ने उन्हें बताया कि सोमवार रात करीब 11 बजे घर से कुछ दूरी पर रहने वाले लड़कों के साथ उनके भाई का किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। झगड़े के बाद कुछ लोग उनके भाई जसवीर को घर ले आए। हत्या की जानकारी होने के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने सबूत एकत्रित किए।
पहले साथ में बैठकर पी शराब फिर की वारदात
एसीपी इंदिरापुरम स्वतंत्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली। फुटेज में जसवीर के घर के बाहर सलमान निकलता हुआ दिखाई दिया। जसवीर के मोबाइल की कॉल डिटेल में भी सलमान का नंबर था। पुलिस ने आरोपी को पकड़कर पूछताछ की तो उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जसवीर अक्सर शराब के लिए लोगों से रुपये मांगता था। सोमवार रात जसवीर ने कॉल कर उसे घर बुलाया था। जसवीर ने उससे एक हजार रुपये लेकर शराब व अन्य खाने पीने की चीजें मंगाई थी। सामान खत्म होने पर जसवीर ने फिर से सलमान से एक हजार रुपये मांगे। सलमान ने रुपये देने से इन्कार कर दिया तो जसवीर ने उसके साथ मारपीट की। इस दौरान सलमान ने ईंट से जसवीर पर वार कर दिया। इसके बाद घर में रखे चाकू से जसवीर की गर्दन काट दी।
जिन्होंने भाई को मारा उन्हें फांसी की सजा हो
जसवीर की बड़ी बहन किरन की शादी कई सालों पहले हो चुकी है। वह अशोकनगर में रहती है। छोटी बहन अरुणा की शादी 2018 में हुई थी। शादी के दो साल तक वह अपने भाई के साथ ऊपर वाले कमरे में रह रही थीं। कुछ दिनों बाद वह पति के साथ पटपड़गंज में रहने लगी थीं। वह शनिवार और रविवार को अपने भाई के पास आती थीं। उन्होंने बताया कि जसवीर की शादी के लिए गांव में एक लड़की पसंद की थी। कुछ दिनों बाद लड़की देखने जाना था। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने उनके भाई की हत्या की है, उन्हें फांसी की सजा हो।
शव के पास बैठ आधा घंटे तक देखी टीवी
आरोपी सलमान ने जसवीर की हत्या करने के बाद शव के पास बैठकर आधा घंटे तक टीवी देखी। इस दौरान उसने खाना भी खाया और फिर घर जाकर सो गया।
जसवीर। फाइल फोटो
जसवीर। फाइल फोटो